पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने टैक्टर में आग लगाने की घटना को सही ठहराया है| अमरिंदर सिंह ने कहा कि मेरा ट्रैक्टर है, मैं आग लगाऊं, यह मेरी मर्जी है| अमरिंदर सिंह किसान बिल का विरोध करते-करते ये तक बोल गए कि किसान भूखे मरेंगे तो आतंकी संगठन आईएसआई (ISI) के लिए टार्गेट बन जाएंगे| अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यों की सलाह के बिना बिल लाए गए| कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बिल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की बात भी कही|
इससे पहले, आज सुबह इंडिया गेट पर हाई सिक्योरिटी जोन में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक ट्रैक्टर को जला दिया| दिल्ली पुलिस ने पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है| इधर, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने इंडिया गेट की घटना को लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला किया| उन्होंने कहा है कि किसान विरोधी कदम उठाने की कांग्रेस को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी|
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद से पास तीनों कृषि विधेयक पर अपनी मंजूरी दे दी है जिसके बाद तीनों विधेयक अब कानून बन गए हैं| केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए संसद में तीन विधेयक लाई थी जिसका कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं|
पंजाब के ही बठिंडा में कीर्ति किसान यूनियन की ओर से कृषि कानून का विरोध किया गया| 1 अक्टूबर से लेकर 7 अक्टूबर तक पंजाब में रेल आंदोलन चलेगा| फिरोजपुर में किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी ने कृषि कानून का विरोध किया| पिछले 22 दिनों से किसान संगठन प्रदर्शन कर रहा है| बीते 5 दिनों से रेलवे ट्रैक पर दिन-रात धरना दिया जा रहा है| कानून वापस नहीं लिए जाने तक धरना देने का ऐलान किया गया है|